➤ धर्मशाला में IPL 2026 के दूसरे चरण के तहत 3 बड़े मुकाबले होंगे
➤ 11, 14 और 17 मई को पंजाब, मुंबई, दिल्ली और RCB के बीच भिड़ंत
➤ मैचों से पर्यटन को बढ़ावा, विराट कोहली के खेलने की संभावना से उत्साह बढ़ा
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के धर्मशाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस बार IPL 2026 के दूसरे चरण के तहत क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा। BCCI द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार यहां कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे प्रदेश में खेल और पर्यटन दोनों को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शेड्यूल के मुताबिक, पहला मुकाबला 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा। इसके बाद 14 मई को पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। वहीं तीसरा और अंतिम मुकाबला 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के मैदान पर उतरने की संभावना ने क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और बढ़ा दिया है।
इन मुकाबलों को लेकर HPCA प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि मैचों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, जिसका पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट करीब दो महीने तक चलेगा और देशभर में क्रिकेट का उत्साह चरम पर रहेगा।
धर्मशाला में होने वाले ये मुकाबले ऐसे समय में होंगे जब देश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ती है। ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करते हैं। इस दौरान IPL मैचों का आयोजन धर्मशाला के पर्यटन कारोबार के लिए भी फायदेमंद साबित होगा। देशभर से आने वाले क्रिकेट फैंस यहां सुहावने मौसम और खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकेंगे।
गौरतलब है कि धौलाधार की बर्फीली पहाड़ियों के बीच स्थित धर्मशाला स्टेडियम अपनी खूबसूरती और विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। मई महीने में यहां का मौसम खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए अनुकूल रहता है, जिससे मैचों का रोमांच और भी बढ़ जाता है।



