Follow Us:

पहली बार लाहौल में शुरू हुई राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी चैंपियनशिप, ये टीमें ले रही भाग

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में हो रही 9वीं राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी चैंपियनशिप 2022 का रविवार को आगाज़ हो गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने काजा पहुंचकर चैंपियनशिप की शुरूआत की। राष्ट्रीय महिला आइस हाकी चैंपियनशिप 2022 में हिस्सा लेने वाली टीमों में हिमाचल प्रदेश, तेलगांना, चंडीगढ़, दिल्ली, आईटीबीपी लद्दाख और लद्दाख की टीमें शामिल हैं।

इस बार लाहौल स्पीति के काजा में पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जा रहे हैं। इसमें डांस ऑन आइस हॉकी, काजा स्‍कूल की छात्राओं द्वारा लोक नृत्य प्रस्‍तुत किया गया। इस दौरान एक आइस हॉकी मैच पुरुष और महिला टीमों के बीच भी खेला जाएगा। आर्मी बैंड की ओर से विशेष प्रस्तुति दी गई।

एडीएम मोहन दत्‍त शर्मा ने बताया कि 25 दिसंबर 2021 से शुरू हुआ नेशनल आइस हॉकी डिव्लेपमेंट कैंप का समापन 15 जनवरी को हुआ है। इस कैंप में कुल 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। स्पीति जैसे क्षेत्र में आईस हॉकी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता होना भविष्य के लिए काफी कारगर साबित होगा। प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार खेलों को स्पीति में बढ़ाया जा रहा है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि चीन सीमा पर तैनात भारतीय सेना को और सशक्त बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन 260 किलोमीटर लंबे ग्रांफू काजा समदो मार्ग को 840 करोड़ से डबललेन बनाने जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार से धन स्वीकृत हो गया है और बीआरओ ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।