Follow Us:

नीरज ने भाला फेंक प्रतियोगिता में रचा इतिहास, एशियन गेम्स में भारत का 8वां गोल्ड मेडल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

20 साल के नीरज चोपड़ा ने जकार्ता में खेले जा रहे एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है। नीरज चोपड़ा ने भारत को 8वां गोल्ड मेडल दिलाया। 9वें दिन चोपड़ा ने 88.06  मीटर भाला फेंक कर इतिहास रच दिया। एशियाई खेलों के इस प्रतियोगिता में पहले भारत को कभी भी स्वर्ण पदक हासिल नहीं हुआ था। आखिरी बार 1982 दिल्ली एशियाई खेलों में भारत के गुरतेज सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था। तब उन्होंने 86.47 मीटर भाला फेंका था।

पहली बार में नीरज चोपड़ा ने 83.46 मीटर दूर भाला फेंका। दूसरी बार में वो फाउल कर गए। तीसरी कोशिश में उन्होंने 88.06 मीटर दूर भाला फेंका। चौथी कोशिश में 83.25 मीटर, पांचवीं में 86.63 मीटर और उनका छठा प्रयास फाउल गया। रजत पदक जीतने वाले चीन के किझेन लियू 82.22 मीटर की थ्रो फेंक कर दूसरे स्थान पर, तो वहीं पाकिस्तान के नदीम अरशद ने 80.75 की सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंक कांस्य पदक हासिल किया।

18वें एशियाई खेलों में अब तक भारत के पदकों की कुल संख्या 41 है। 8 गोल्ड, 13 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज के साथ पदक तालिका में भारत 9वें स्थान पर है।