Follow Us:

75 की उम्र में बुरे फंसे जितेंद्र, हिमाचल में यौन-उत्पीड़न का केस दर्ज़

पी. चंद, शिमला |

अपने जमाने के सुपर-स्टार और वेटरन एक्टर जितेंद्र एक विवाद में बुरी तरह फंसते नज़र आ रहे हैं। 75 साल के जितेंद्र पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। यह आरोप उनकी कज़न सिस्टर ने लगाया है। कज़न ने इस मामले में शिकायत शिमला में दर्ज कराई है। हिमाचल पुलिस ने भी शिकायत दर्ज कर ली है।

पीड़िता के मुताबिक उनके साथ यौन उत्पीड़न का मामला वर्षों पुराना है। जब वह 18 साल की थीं, तब 28 वर्षीय जितेंद्र ने उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि उन्हें 'मीटू' कैंपने से बोलने का हौसला मिला। वे काफी सालों तक अपने माता-पिता की वजह से भी चुप रहीं। वो नहीं चाहती थीं कि उन्हें अपने भतीजे की करतूत से दुख पहुंचे।

शिमला में पुलिस से की गई शिकायत के मुताबिक, जितेंद्र पीड़िता को उसके पिता की परमिशन से फिल्म की शूटिंग दिखाने ले गए थे। जिसके बाद होटल में उन्होंने रात में नशे की हालत में उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। शिकायत के बाद पीड़िता और उसके परिवार ने न्याय के साथ ही अपनी पहचान छिपाए रखने की बात कही है।

हालांकि, शिकायत में पीड़िता ने जितेंद्र के साथ अपने रिश्ते स्पष्ट किए हैं। उनके मुताबिक जितेंद्र (रवि कपूर) उनके पिता की बहन के बेटे हैं।

जितेंद्र बॉलिवुड के बड़े नामों में से एक हैं। उनकी पत्नी का नाम शोभा कपूर है और बेटी एकता कपूर टीवी सीरियल की बहुत बड़ी प्रोड्यूसर हैं, बेटा तुषार कपूर भी फिल्मों के जाने-माने चेहरे हैं।