Follow Us:

नाइकी ने पेश किया स्मार्ट जूता, स्मार्टफोन से कर सकेंगे कंट्रोल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

दुनिया की सबसे बड़ी खेलकूद का सामान बनाने वाली कंपनी नाइकी ने ऐसा पहला जूता बनाया है, जिसके फीते खुद-ब-खुद बंध जाते हैं। कंपनी ने करीब एक दशक की रिसर्च के बाद इसे तैयार किया है। नाइकी के इस जूते का नाम Nike Adapt BB है और इसकी कीमत 350 डॉलर यानि करीब 25 हजार रुपये है। नाइकी ने इस जूते के बारे में जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट पर दी है। इस स्मार्ट जूते की खास बात ये है कि इस जूते को स्मार्टफोन से कंट्रोल किया जा सकेगा।

जानकारों के अनुसार इस जूते के फीते अपने आप बंध जाते हैं। आप जब जैसे इसमें अपना पैर डालेंगे वह एक सेंसर को छूएगा। इसमें दो बटन होंगे जो कि इसे ढीला करने और कसने में काम आएंगे।

नाइकी का ये जूता पैर में डलते ही अपने आप एडजस्ट हो जाएगा। कंपनी ने कहा है कि इसकी बिक्री पूरी दुनिया में 17 फरवरी 2019 से होगी। इसके सेंसर्स इसे ऑटोमैटिक फिटिंग वाले मोड पर रखते हैं। यहां तक कि यह काफी फोर्स झेलने की भी क्षमता रखता है।

खासतौर पर यह जूता बास्केट बॉल प्लेयर्स के लिए बनाया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके दौड़ते-दौड़ते जूते खुले हो जाते हैं। जिसके बाद उन्हें खेलने में दिक्कत होती है। यह स्मार्टशू अपने हिसाब से साइज एडजस्ट करता रहता है।