Follow Us:

Bday Special: 8 साल की उम्र से गाने लगे थे सुखविंदर सिंह, ‘जय हो’ से छा गए दुनिया पर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

अपनी आवाज से लोगों को दीवाना बना देने वाले सुरों के सरताज सुखविंदर सिंह का जन्म 18 जुलाई 1971 को पंजाब के अमृतसर जिले में हुआ था। बचपन से ही उनका रुझान गायकी की ओर था। सुखविंदर सिंह केवल 8 साल की उम्र में ही स्टेज परफॉर्मेंस करने लगे थे। आज वो अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं।

13 साल की उम्र में सुखविंदर सिंह ने सिंगर मलकीत सिंह के लिए तूतक तूतक तूतीया कंपोज किया था। सिंगिंग के अलावा उन्होंने कई बॉलीवुड मूवी में बतौर म्यूजिक डायरेक्टर काम किया है।

सुखविंदर सिंह ने सबसे पहले स्टेज पर लता मंगेशकर के सामने सारेगामापा में गाना गाया। बॉलीवुड में सुखविंदर सिंह को पहला ब्रेक फिल्म 'कर्मा' से मिला था। उन्होंने एआर रहमान के संगीत में कई गानों को अपनी आवाज दी और लोगों के दिलों को छू लिया।

सुखविंदर सिंह को फिल्म दिल से के गाना 'छैया छैया' को लेकर साल 1999 में फिल्मफेयर में बेस्ट मेल प्लेबैक का अवॉर्ड मिला था। सुखविंदर सिंह ने साल 2010 में कुछ करिए नाम की फिल्म से एक्टिंग में भी हाथ आजमाया था।

Slumdog Millionaire का जय हो सॉन्ग उन्होंने ही गाया था। इस गाने को ऑस्कर सम्मान से नवाजा गया था। हालांकि ऑस्कर समारोह से वो नदारद थे इसे लेकर उस वक्त काफी सवाल उठे थे।

सुखविंदर सिंह ने 'दिल से' के अलावा 'ताल', '1947 अर्थ','दाग', 'जानवर', 'दिल्लगी', 'तक्षक', 'तेरे नाम', 'अपना सपना मनी मनी', 'मुसाफिर', 'चक दे इंडिया', 'ओम शांति ओम', 'ब्लैंक एंड व्हाइट' जैसे फिल्मों में गाने गाए। उनके गाए ज्यादातर गाने सुपरहिट रहे।