➤ फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने मनाई 14वीं वर्षगांठ, विकास यात्रा और उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
➤ उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
➤ पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धाम के साथ समारोह का हुआ समापन
कांगड़ा। फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने शनिवार को अपनी 14वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में आयोजित विशेष समारोह में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, कर्मचारियों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की 14 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और समाज के प्रति योगदान को साझा किया गया तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर अमन सैमुअल सोलोमन, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस.एस. परमार, डॉ. कैलाश नाथ शर्मा, डॉ. सतीश शर्मा, दीपक लट्ठ सहित अन्य गणमान्य अतिथि और अस्पताल के सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अमन सैमुअल सोलोमन ने कहा कि पिछले 14 वर्षों में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी विशेषज्ञों और मानवीय सेवा भाव के साथ क्षेत्र के हजारों मरीजों का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करता रहेगा।
समारोह के दौरान अस्पताल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का माहौल बनाया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संस्थान की निरंतर प्रगति और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए आयोजित सामूहिक धाम तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



