➤ शिमला में आज भाजपा विधायक दल की अहम बैठक, मानसून सत्र से पहले बनेगी रणनीति
➤ सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन और विधानसभा में घेराव का होगा रोडमैप तैयार
➤ जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल समेत सभी भाजपा विधायक होंगे शामिल, रथ यात्रा पर भी होगा मंथन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी मंगलवार को अपनी राजनीतिक रणनीति को अंतिम रूप देने जा रही है। पार्टी ने शाम 7 बजे शिमला के होटल मरीना में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांग्रेस सरकार को विधानसभा के भीतर और बाहर घेरने की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही अगस्त में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी जनआंदोलन की तारीखों और कार्यक्रमों पर भी अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मानसून सत्र के दौरान सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के साथ-साथ संगठन और जनआंदोलन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता विकास और सुशासन की उम्मीदों पर खरी उतरती नहीं दिखी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास कार्यों के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसलों को प्राथमिकता दी है।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार भाजपा नेताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुन-चुनकर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर भय का वातावरण बनाया जा रहा है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

भाजपा ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया है। रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकारी भर्तियों, ठेकों, प्रशासनिक निर्णयों और विभिन्न विभागों में अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं, लेकिन सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे संरक्षण देने में लगी हुई है। विधायक दल की बैठक में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, युवाओं के साथ हो रहे अन्याय, कर्मचारियों की समस्याएं, किसानों और बागवानों की परेशानियां, बंद किए गए संस्थानों, बढ़ती महंगाई तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। भाजपा इन सभी मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में मजबूती के साथ उठाने की तैयारी कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पहले ही अगस्त महीने में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का ऐलान कर चुके हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत विधानसभा, जिला और राज्य स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार की बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिम्मेदारियां भी तय होने की संभावना है।
इसी बीच भाजपा की जनजागरण रथ यात्रा मंगलवार दोपहर तीन बजे शिमला के शोघी पहुंचेगी। पार्टी इस रथ यात्रा को आगामी आंदोलन से जोड़कर जनता के बीच कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। विधायक दल की बैठक में रथ यात्रा और जनआंदोलन के समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।



