Follow Us:

Himachal: 600 करोड़ की स्वीकृति के बावजूद लंबित मांगों पर नाराजगी

|

Himachal Employee Federation meeting:  हिमाचल प्रदेश कर्मचारी महासंघ ने मंगलवार को सचिवालय के प्रांगण में  जनरल हाउस का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। महासंघ के अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा ने राज्य सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा करने पर आभार व्यक्त किया। जनरल हाउस में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि आज कर्मचारियों के हाव-भाव और जोश में कमी नजर आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सचिवालय कर्मचारी सेवाएं महासंघ ही कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ताकत उनके एकजुट होने में है। संजीव कुमार शर्मा ने सरकार की ओर से की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया, लेकिन यह भी कहा कि जो कुछ भी मिला है, वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने अन्य लंबित मांगों का भी जिक्र किया, जिसमें विशेष अधिकार हनन के नोटिस को वापस लेने की मांग की गई। इसके अलावा, शर्मा ने बताया कि उन्हें थाना छोटा शिमला में एफआईआर दर्ज करने के लिए एक पत्र भी मिला है, जिससे कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है। उन्होंने अपनी लड़ाई को कर्मचारियों के हित के लिए बताया और कहा कि सचिवालय कर्मचारी सेवाएं महासंघ ने पेंशनर्स के हक के लिए भी लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि इसी संघर्ष के परिणामस्वरूप राज्य सरकार ने 600 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। हालांकि, उन्होंने फिर से जोर देते हुए कहा कि अन्य मांगें अभी भी बरकरार हैं और सरकार से उनकी शीघ्र समाधान की अपील की।