Follow Us:

‘सुक्खू के नेतृत्व में कभी नहीं जीत सकती कांग्रेस, जंजैहली विवाद पर भी बोले वीरभद्र’

नवनीत बत्ता |

लोकसभा चुनाव के नज़दीक आते ही वीरभद्र-सुक्खू वॉर एक बार फिर शुरू होता नज़र आ रहा है। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने साफ कहा कि सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस कभी भी चुनाव नहीं जीत सकती है। इससे पहले भी उन्हें विधानसभा चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है।

मुख्यमंत्री पर पलटवार

वीरभद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी पलटवार करते हुए कहा कि मैं कोई डमी मुख्यमंत्री नहीं रहा हूं, जिसे किसी बात की जानकारी नहीं होती। डमी मुख्यमंत्री तो खुद वे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान मैंने अफसरशाही को काम करने पर जोर दिया। जो मैं कहता हूं वे फाइनल ऑर्डर होता था, लेकिन अब कुछ और ही हो रहा है।

जंजैहली विवाद पर बीजेपी को जवाब

जंजैहली में एसडीएम ऑफिस को लेकर हो रहे विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग इस विवाद को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। हमारे कार्यकाल में सिराज में बहुत विकास हुआ है। हमनें कभी विधायक किसी ओर पार्टी का होने से भेदभाव नहीं किया। आज जो भी विरोध हो रहा है उसे राजनीतिक तूल दिया जा रहा है और बीजेपी इसका आरोप कांग्रेस पर ना लगाए।