Follow Us:

लड़की को अगवा करने की कोशिश, गुस्साई भीड़ ने लगाई बदमाशों की कार को आग

समाचार फर्स्ट डेस्क |

देश की राजधानी दिल्ली में क्राइम थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन रेप, मर्डर और किडनैपिक के केस सामने आते हैं, इसके कारण लोगों में आक्रोश है। ऐसा ही एक मामला दिल्ली में शनिवार रात को सामने आया जब कुछ बदमाशों ने एक लड़की को अगवा करने की कोशिश की। किसी तरह लड़की उनके चंगुल से बच गई और शोर मचाया। फिर गुस्साए लोगों ने बदमाशों को जमकर पीटा और उनकी कार को आग के हवाले कर दिया।

यह घटना दिल्ली के रोहिणी इलाके की है। कार सवार दो मनचलों ने इलाके से गुजर रही एक लड़की को अगवा कर लिया। लड़की की चीख-पुकार सुनकर उनके पीछे चल रही कार में सवार युवकों को किसी अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने फौरन बदमाशों की कार का पीछा करना शुरू कर दिया। युवकों ने बदमाशों की कार को ओवरटेक कर रुकवाया और फिर मामले का खुलासा होने के बाद युवकों ने उनकी जमकर पिटाई की।

इसी बीच काफी लोग वहां जमा हो गए और गुस्साए लोगों ने भी बदमाशों की जमकर धुनाई की और उनकी कार को आग के हवाले कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बदमाशों को अपने साथ थाने ले आई। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।