Follow Us:

कांगड़ा में खुला पासपोर्ट केंद्र, नहीं लगाने पडे़ंगे शिमला के चक्कर

बिट्टु सूर्यवंशी |

विदेश जाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें पासपोर्ट बनाने के लिए कांगड़ा के बाहर नहीं जाना पडे़गा। बल्कि कांगड़ा में ही पासपोर्ट बन जाएंगे। आज कांगड़ा-चंबा सांसद शांता कुमार ने स्थानीय पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की तहसील चौक में प्रस्तावित बचत भवन का जो शिलान्यास किया है उसका निर्माण कार्य इस शासनकाल में पूरा कर लिया जाएगा।

पासपोर्ट ऑफिस का शुभारंभ करने के बाद शांता कुमार भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में फंसे नेताओं पर जमकर बरसे। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि देश के अंदर आज नेता शब्द गाली बन चुका है। वर्तमान में देश में 400 नेताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों में 13 हजार मुकदमों पर सुनवाई चल रही है।

 यह बात देश के नेताओं के लिए बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति के इस हाल के लिए राजनेता स्वयं जिम्मेदार हैं।  शांता कुमार ने कहा कि पिछले 70 साल में देश के राजनेताओं और अफसरशाही ने देश को इतना लूटा है, इतना तो अंग्रेज अपने 300 वर्ष के कार्यकाल में भी नहीं लूट पाए थे। उन्होंने कहा कि विजय माल्या और नीरव मोदी बिना राजनेताओं और अफसरशाही से मिलकर देश को लूटने की हिम्मत नहीं कर सकते हैं।