Follow Us:

शिमला की आंचल ने छुआ बुलंदियों का आसमान, सेना में बनी लेफ्टिनेंट

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल की बेटियां लगातार प्रदेश का मान बढ़ा रही है। एक के बाद एक प्रदेश की बेटियां सेना में लेफ्टिनेंट बन रही हैं। देवभूमि की एक ओर बेटी ने बुलंदियों को छुआ है। शिमला के कोटगढ़ की होनहार बेटी सेना में लेफ्टिनेंट बन गई है।

चेन्नई में हुई पासिंग आउट परेड के बाद कोटगढ़ की भुट्टी पंचायत की आंचल भलैक सेना में लेफ्टिनेंट बन गई है। बेटी की इस कामयाबी से पिता काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि आंचल ने ऑल इंडिया परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया है।

आंचल की प्रारंभिक शिक्षा मिशन स्कूल कोटगढ़ में हुई। इसके बाद मोहाली, चंडीगढ़ में पढ़ाई करने के बाद वो वर्तमान में मनोविज्ञान में पंजाब विवि से पीएचडी कर रही हैं। लेफ्टिनेंट बनने के लिए आंचल ने चेन्नई में प्रशिक्षण लिया। आंचल के पिता एसबीआई बैंक कसुम्पटी शिमला में अधिकारी हैं। माता अनीता भलैक गृहिणी हैं। आंचल के भाई क्रिकेट में रणजी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

आपको बता दें कि आंचल कोटगढ़ की ऐसी पहली लड़की है जिसने यह मुकाम हासिल किया है। पहली महिला लेफ्टिनेंट बनकर आंचल ने अपने क्षेत्र समेत प्रदेश का नाम रोशन किया है। पिता सतपाल भलैक ने बताया कि आंचल शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है।