Follow Us:

CBSE पेपर लीक: ऊना में महिला समेत फिर से 3 की गिरफ्तारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

CBSE पेपर लीक मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने हिमाचल से फिर 3 लोगों की गिरफ्तारी किया है। ऊना से गिरफ्तार 3 लोगों में एक महिला भी शामिल है। पिछले ही दिनों दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में ऊना के डीएवी पब्लिक स्कूल के राकेश कुमार, अमित शर्मा और अशोक कुमार को गिरफ्तार किया था।

फिलहाल, ताजा गिरफ्तारी में एक यूनियन बैंक के मैनेजर और एक हेडकैशियर और तीसरी महिला (महिला के पेशे का पता नहीं चला है) है। इन लोगों को गणित का पेपर लीक करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। जबकि, पिछली गिरफ्तारी इकोनॉमिक्स के पेपर लीक करने के मामले में हुई थी। दअरसल, पिछली गिरफ्तारियों के बाद ही साफ हो गया था कि हिमाचल प्रदेश से कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। क्योंकि, पहली बार पकड़े गए तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से ही दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम हिमाचल में डेरा जमाए हुए थी।

पूछताछ और दूसरे सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर ये ताजा गिरफ्तारी हुई है। सीबीएसई पेपर लीक का मामला देश भर में काफी तूल पकड़ चुका था। इसको लेकर ना सिर्फ केंद्र सरकार बल्कि अधिकांश राज्यों की सरकारें भी चिंतित थीं। लेकिन, दिल्ली-एनसीआर में हुई गिरफ्तारियों के बाद मामले में हिमाचल का कनेक्शन सामने आया और क्राइम ब्रांच ने ऊना से गिरफ्तारी कर इसका भंडाफोड़ किया।