Follow Us:

पद्मश्री डॉ. चावला ने ‘फोर्टिस कांगड़ा’ में किया मुफ्त इलाज, लिवर के मरीजों को दिए ये जरूरी टिप्स

बिट्टु सूर्यवंशी |

कांगड़ा के फोर्टिस अस्पताल में शनिवार को निशुल्क हेल्थ-कैंप का आयोजन किया गया। इस हेल्थ कैंप में 'लिवर रोग' विशेषज्ञ पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर योगेश चावला और फोर्टिस के स्पेशलिस्ट डॉक्टर विजय बोध ने मरीजों का चेकअप किया और लिवर से सम्बंधित बीमारियों के टेस्ट के अलावा इलाज के लिए दवाईयां भी वितरित की।

लिवर की बीमारी के लिए शराब और जंक फूड हानिकारक

देश के सम्मानित डॉक्टर पद्मश्री योगेश चावला ने बताया कि अगर हेल्थी लाइफ बितानी है, तो सबसे पहले जंक-फूड और शराब से तौबा करनी होगी। उन्होंने बताया कि लिवर की बीमारी से जुड़े मामलों में सबसे ज्याद कारण शराब के सेवन का होता है। इसके बाद जंक-फूड और फैटी खाना खाने की वजह से होता है।

चावला ने कहा कि देश में पेट से सम्बंधित बीमारियां गलत खानपान से होती है। उन्होंने बताया कि एल्कोहल का सेवन न करने वालों में फैटी लिवर की ज्यादा बीमारियां सामने आ रही है जिसका अगर समय पर निदान हो जाये तो इस रोग से मुक्त रहा जा सकता है।

डॉ. चावला ने बताया कि इन बीमारियों से बचने के लिए लोगों को अधिक से अधिक जागरूक होने की जरुरत है और जंक फूड छोड़ कर सादा खाना खाना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोग शुगर को कम मात्रा में इस्तेमाल करें और व्यायाम को अपनी दिनचार्य में शामिल करें। उन्होंने 40 साल की उम्र के बाद रूटीन चेकअप करवाने की भी सलाह दी। उनके अनुसार पेट और लिवर से सम्बंधित रोगों का साधारण तौर पर पता नहीं चल पाता है इसके लिए रूटीन चेकअप सबसे सही माध्यम है।

कांगड़ा फोर्टिस में मुफ्त में हुआ इलाज

 कांगड़ा फोर्टिस में आयोजित इस निःशुल्क चेकअप में हेपेटाइटिस-B और C के मरीजों का फ्री-चेकअप और मुफ्त में दवाईयां दी गईं। इस दौरान लगभग 70 से अधिक मरीजों ने इस चेकअप कैंप का लाभ उठाया।

पद्मश्री और पीजीआई चंडीगढ़ के पूर्व निदेशक डॉ. चावला ने कहा कि वह हर महीने फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में आकर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनका काफी बिजी शेड्यूल रहता है, लेकिन कांगड़ा में लोगों को रोग-मुक्त रखने के लिए वे अपनी सेवा महीने में एक बार जरूर देंगे। गौरतलब है कि कांगड़ा फोर्टिस ने भी उनके द्वारा इलाज को मुफ्त ही रखा है।