Follow Us:

श्रेय लेने के चक्कर में पूर्व विधायक कर रहे ओछी राजनीति: सुक्खू

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा विधायक विजय अग्निहोत्री को ओछी राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। सुक्खू ने कहा कि सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में नादौन में कोई भी नया काम शुरू नहीं हुआ। पूर्व विधायक बदले की भावना से काम कर रहे हैं और कर्मचारियों के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ किया जा रहा है। प्रदेश की नई सरकार विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए नई मुश्किलें लेकर आई है।

सुक्खू ने कहा कि पूर्व विधायक कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुए कामों का ही श्रेय लेने में लगे हैं। साथ ही कर्मचारियों और आम जनता को सत्ता की धौंस दिखाकर डराया-धमकाया जा रहा है। पूर्व विधायक को राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाए बीजेपी सरकार का ध्यान नादौन अस्पताल की ओर आकर्षित करवाना चाहिए।

वातानुकूलित मिनी सचिवालय की जल्द मिलेगी सौगात

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के पहले वातानुकूलित मिनी सचिवालय का तोहफा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जल्दी मिलेगा। सचिवालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जल्दी काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि लोगों को सभी सुविधाएं एक छत के नीचे मिल सकें। पहले चरण में चार करोड़ रुपये का बजट मंजूर है, जबकि कुल बारह करोड़ रुपये निर्माण पर खर्च होने हैं।