Follow Us:

कसौली गोलीकांड: बिगड़ी कानून व्यवस्था पर राज्यपाल ने DGP को किया तलब

समाचार फर्स्ट |

कसौली गोलीकांड के बाद राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सीता राम मरड़ी को तलब किया । उन्होंने घटना पर चिंता जताई और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखने के निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम रखना पुलिस की जिम्मेदारी है ताकि लोगों को भरोसा रहे।

जानकारी के अनुसार इससे पहले डीजीपी सीताराम मरडी ने कसौली हत्याकांड की पूरी जानकारी राज्यपाल को दी। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई में देरी को लेकर भी बताया।

राज्यपाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनुपालना कर रही सहायक नगर नियोजन अधिकारी शैल बाला की गोली मारकर हत्या करने जैसी घटना दोबारा घटित नहीं होनी चाहिए। राज्यपाल और डीजीपी के बीच करीब आधा घंटा तक इस मुद्दे पर बात हुई। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि अवैध निर्माण को तुड़वाने के लिए पहुंची पुलिस गोली चलते ही कैसे भाग खड़ी हुई, जिससे गोली मारने वाला भागने में सफल रहा।

मुख्यमंत्री ने कसौली गोलीकांड पर राज्यपाल के सामने रखी स्थिति

कसौली गोलीकांड पर सुप्रीम कोर्ट में किरकिरी और विपक्ष के हमलों के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से राजभवन में मुलाकात की। करीब आधे घंटे की मुलाकात के दौरान प्रदेश के वर्तमान हालात और विकास योजनाओं पर चर्चा हुई।