Follow Us:

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ रामपुर थाने में शिकायत

पी. चंद |

रामपुर बुशहर स्थित राजमहल को ले कर विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भतीजे राजेश्वर सिंह के रामपुर राजमहल के केयर टेकर मस्त राम ने रामपुर पुलिस को शिकायत पत्र दे कर वीरभद्र सिंह व परिवार के लोगों खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

हालांकि अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है लेकिन, राजकुमार राजेश्वर सिंह के रामपुर स्थित महल के केयर टेकर मस्त राम और चौकीदार रोशन के बयान ले लिए गए हैं। मस्त राम ने लिखित शिकायत में बताया है कि बुधवार को वे रामपुर से बाहर गया हुए थे।

उन्हें सूचना मिली कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उन के परिवार के लोगों ने राजेश्वर सिंह के महल के हिस्से पर जबरन आ कर ताले तोड़े और सामान बाहर फैंक दिया। महल में कीमती सामान भी था। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत में पूर्व मुख्य मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग उठाई है।

दरअसल, रामपुर में वीरभद्र सिंह के शाही महल पर उनके भतीजे राजेश्वर सिंह का भी हिस्सा बताया जा रहा है। राजेश्वर सिंह ने महल के अपने हिस्से की देखभाल के लिए केयर टेकर रखा हुआ है। राजेश्वर सिंह खुद परिवार सहित शिमला में रह रहे हैं।

वीरभद्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार को महल के उस हिस्से से सामान बाहर निकलवा दिया, जिसकी देखभाल के उनके भतीजे राजेश्वर सिंह ने केयर टेकर रहा था।

रामपुर के थाना प्रभारी ने बताया शिकायत मस्त राम की ओर से मिली है। मस्त राम और चौकीदार रोशन के बयान लिए गए हैं। मामला सम्पति विवाद का लग रहा है। इस लिए केस एसडीएम को भेजा जाएगा। पुलिस कोई विवाद न हो नजर रखे हुए है।

वहीं, इस मामले में पूर्व मुख्य मंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से कोई टिप्पणी नही मिली है। बहरहाल रामपुर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर पर दो परिवारों का विवाद शुरू हो गया है। इस मामले को ले कर राजनीतिक गलियारों में भी खूब चर्चा है।