Follow Us:

नाहन: PM मोदी का पुतला फूंकना युवा कांग्रेस को पड़ा भारी, एक दर्जन कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

समाचार फर्स्ट |

नाहन के ददाहू में पीएम मोदी का पुतला फूंकना और प्रदर्शन करना कांग्रेस को भारी पड़ गया । प्रदर्शन के लिए सार्वजनिक रास्ता रोकने और शांति भंग करने के मामले में पुलिस ने एक दर्जन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

विरोध- प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं पर पुलिस एक्ट की धारा-115  के तहत अदालत में कलांदरा पेश किया जाएगा। इस तरह के मामलों में अदालत से समन जारी किया जाता है, जिसमें कम से कम पांच हजार रुपये जुर्माने के अलावा सात दिन की जेल भी हो सकती है।

मामले की पुष्टि एसपी रोहित मालपानी ने की है। बता दें कि ब्लॉक यूथ कांग्रेस रेणुका ने ददाहू बाजार में पीएम मोदी का पुतला फूंका था। इससे पूर्व युकां कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुतला जलाने के दौरान रेणुका पुलिस और कार्यकर्ताओं में खूब छीना झपटी चली। लेकिन, देखते ही देखते कार्यकर्ताओं ने मोदी के पुतले को आग के हवाले कर दिया था।
 
इस दौरान पुतला बुझाने के लिए एक पुलिस कर्मी ने जलते पुतले को पैर से हटाने की कोशिश की तो जलता पुतला गाड़ी के नीचे जा घुसा। गनीमत यह रही कि पुलिस कर्मी का  वाहन दहकते पुतले की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल युवा कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज कर पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई है।