Jitendra Singh on Congress: केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह संविधान गौरव अभियान के तहत शिमला पहुंचे और होटल पीटरहॉफ में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और पार्टी पर संविधान व डॉ. बी.आर. अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान के मूल्यों को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को संविधान की महत्ता समझाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान 88 बार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग किया और इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सत्ता में रहते हुए पार्टी ने शाहबानो केस जैसे मामलों में वोट बैंक की राजनीति के लिए कोर्ट के फैसले को पलट दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन जमीन पर कोई ठोस कार्य नहीं किया। इसके विपरीत, भाजपा ने तीन तलाक खत्म करने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आरक्षण देने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए।
उन्होंने कांग्रेस पर डॉ. बी.आर. अंबेडकर को सम्मान न देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने नेताओं को भारत रत्न दिया, लेकिन संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को इस सम्मान से वंचित रखा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि भाजपा ने अंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों पर स्मारक बनाए और उन्हें उचित सम्मान दिया।
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने 10 गारंटी देने का वादा किया था, लेकिन अब तक वे वादे अधूरे हैं। भाजपा के अनुशासन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में फैसले व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि संगठन और जनता के हित को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।



