Himachal weather update January 2025: हिमाचल प्रदेश में आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 जनवरी से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से 23 जनवरी को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है।
शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी के अंत तक प्रदेश के मध्य व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। इनमें किन्नौर, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला जिले प्रमुख हैं, जहां ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना अधिक है।
घने कोहरे का येलो अलर्ट
मैदानी जिलों में घने कोहरे का प्रभाव जारी है। ऊना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे का असर तापमान पर भी देखा जा रहा है।
तापमान में गिरावट
प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में 1.7, ऊना में 1.4, पालमपुर में 1.0 और हमीरपुर में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद ठंड में बढ़ोतरी हुई है, और नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है।



