Manali Winter Carnival: मनाली विंटर कार्निवल 2025 के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शहर को 75 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री 20 जनवरी को हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सर्किट हाउस से महिला मंडलों, विभिन्न विभागों और सांस्कृतिक दलों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर कार्निवल का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री 8 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें पतलीकूहल बस स्टैंड (8.5 करोड़), बस पार्किंग यार्ड (14.30 करोड़) का जीर्णोद्धार, और बाढ़ नियंत्रण कार्यों के तहत बराण पंचायत (8.66 करोड़), पतलीकूहल (8.72 करोड़), रायसन (8.73 करोड़), दुआड़ा (8.97 करोड़), क्लाथ (8.34 करोड़) और आलू ग्राउंड (8.64 करोड़) में परियोजनाएं शामिल हैं।
विशेष आकर्षण: इस वर्ष का प्रमुख आकर्षण सोलंगनाला में आयोजित होने वाली स्की स्टेट चैंपियनशिप होगी। स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि विंटर गेम्स के लिए पर्याप्त बर्फबारी सुनिश्चित करने हेतु कार्निवल की तिथियों में बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर मनाली फोरलेन पुल से ओल्ड मनाली तक बनने वाली बाईपास सड़क की आधारशिला भी रखेंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी समारोह में उपस्थित रहेंगे। मनाली को भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे कार्निवल के दौरान पर्यटकों को विशेष अनुभव मिलेगा।



