-
थल सेना अग्निवीर भर्ती के तीसरे दिन 185 युवा मेडिकल जांच के लिए चयनित।
-
हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के 480 युवाओं ने लिया फिजिकल टेस्ट में हिस्सा।
-
सोमवार को ऊना और बिझड़ी के युवाओं का होगा फिजिकल टेस्ट।
Agniveer Recruitment Hamirpur 2025: हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन फिजिकल टेस्ट आयोजित किया गया। रविवार को बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील और हमीरपुर जिले की हमीरपुर एवं बड़सर तहसीलों के युवाओं का शारीरिक परीक्षण हुआ।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि रविवार के लिए कुल 562 युवाओं को कॉल लैटर भेजे गए थे, जिनमें से लगभग 480 युवा फिजिकल टेस्ट में शामिल हुए। 1600 मीटर दौड़ को 210 युवाओं ने सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके बाद अन्य फिजिकल परीक्षण जैसे पुल अप्स, लंबी कूद, ऊंची कूद और ज़िग-ज़ैग बैलेंस आदि के आधार पर 185 उम्मीदवार मेडिकल जांच के लिए चयनित हुए।
कर्नल भंडारी ने बताया कि सोमवार को हमीरपुर जिले की ढटवाल (बिझड़ी) तहसील और ऊना जिले की ऊना एवं अंब तहसीलों के युवाओं का फिजिकल टेस्ट होगा। इनकी एंट्री सोमवार तड़के सुबह से शुरू कर दी जाएगी।
अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। चयनित युवाओं ने इसे अपने सपने की ओर एक कदम और करीब बताया।



