Follow Us:

Ration card: हिमाचल में पांच साल से कम बच्चों की ई-केवाईसी में छूट

e-KYC for ration cards: हिमाचल प्रदेश में खाद्य आपूर्ति विभाग ने पांच साल से कम आयु के बच्चों की ई-केवाईसी के लिए छूट देने का निर्णय लिया है। प्रदेश में ई-केवाईसी अभियान जोरों पर चल रहा है, लेकिन पांच साल तक के बच्चों के आधार कार्ड अपडेट न होने के कारण उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए यह कदम उठाया है।

हाल ही में विभाग ने करीब दो लाख राशन कार्डों को ई-केवाईसी न होने के कारण ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद कांगड़ा जिले में अब तक 85% राशन कार्डों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, और शेष कार्डों को अनब्लॉक करने का कार्य प्रगति पर है।

ई-केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विभाग ने “ई-केवाईसी पीडीएसएचपी” नामक मोबाइल एप भी लॉन्च किया है। इस एप के जरिए उपभोक्ता घर बैठे ही ई-केवाईसी कर सकते हैं। एप का उपयोग करते समय उपभोक्ता को राशन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी दर्ज करनी होगी। फेस रीडिंग प्रक्रिया में तीन बार आंखें झपकाने के बाद ई-केवाईसी पूरी हो जाएगी।

जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, कांगड़ा-चंबा, पुरषोत्तम सिंह के अनुसार, पांच साल से कम आयु के बच्चों की ई-केवाईसी में छूट देने का निर्णय उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।