Follow Us:

कांगड़ा पुलिस थाना हिमाचल का सर्वश्रेष्ठ थाना

धर्मशाला: कांगड़ा पुलिस थाना को गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 की वार्षिक रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है। यह उपलब्धि थाना प्रभारी और उनके अधीनस्थ स्टाफ की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, कर्तव्यपरायणता और जनता के प्रति संवेदनशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

इस अवसर पर एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि यह सम्मान कांगड़ा पुलिस की निरंतर मेहनत, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनहित में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसे पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक बताया।

गृह मंत्रालय द्वारा यह पुरस्कार विभिन्न मानकों जैसे अपराध नियंत्रण, त्वरित समस्या निवारण, जन शिकायतों के समाधान, प्रशासनिक दक्षता और जनसहयोग को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है। यह सम्मान न केवल थाना कांगड़ा की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को उजागर करता है, बल्कि पुलिस बल को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 18 जनवरी 2025 को हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान कांगड़ा पुलिस थाना की कार्यशैली और व्यवस्थाओं की सराहना की गई थी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए थाना स्टाफ की पीठ थपथपाई और उनकी कार्यकुशलता की प्रशंसा की।