Follow Us:

सीएम देर शाम हेलिकॉप्टर और सड़क मार्ग से मनाली पहुंचकर विंटर कार्निवल में हुए शामिल

  • मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने मनाली विंटर कार्निवल का शुभारंभ किया
  • खराब मौसम के चलते सीएम ने देर शाम हेलिकॉप्टर और सड़क मार्ग से मनाली पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया
  • कार्निवल में सांस्कृतिक गतिविधियां, शीतकालीन खेल, और स्टार नाइट मुख्य आकर्षण रहे

Manali Winter Carnival 2025: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में आज से बहुप्रतीक्षित विंटर कार्निवल का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सांस्कृतिक गतिविधियों और परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर इस उत्सव की शुरुआत की। हालांकि, खराब मौसम के कारण सीएम सुक्खू का निर्धारित कार्यक्रम प्रभावित हुआ। सुबह 9 बजे माता हिडिंबा मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन दिनभर हेलिकॉप्टर उड़ान न भर पाने के कारण सीएम शाम 7:30 बजे मनाली पहुंचे।

दोपहर बाद 4 बजे धर्मशाला से हेलिकॉप्टर द्वारा जोगिंद्रनगर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से मनाली पहुंचकर कार्निवल में भाग लिया। उन्होंने मनाली में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्‍यक्ष आरएस बाली भी सीएम के साथ मौजूद रहे।

विंटर कार्निवल के पहले दिन स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने महिला मंडल की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद माल रोड पर देशभर के सांस्कृतिक दलों और महिला मंडलों ने अपनी आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। कार्निवल में ‘विंटर क्वीन’ और ‘वॉयस ऑफ कार्निवल’ प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण हैं।

सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों के साथ-साथ स्टार कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्निवल की पूर्व संध्या पर पर्यटकों ने डीजे की धुनों पर जमकर डांस किया। स्टार नाइट में दीपक जंदेवा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस बार कार्निवल में लंबे समय बाद शीतकालीन खेलों का आयोजन किया जा रहा है। सोलंगनाला की स्की ढलानों पर 22 से 24 जनवरी तक स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जो देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी।

स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक हिमाचल के निर्माण के लिए नई सोच के साथ काम कर रही है। वहीं, होटलियर अनूप ठाकुर ने इस तरह के आयोजनों को पर्यटन और मनोरंजन के लिए बेहद जरूरी बताया।

इस दौरान कुल्लू जिले के मनाली में आयोजित राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव के अवसर पर क्षेत्रवासियों को 206.08 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी।

 

सीएम ने गाया ..जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या पर 1970 में रिलीज हुई मशहूर हिंदी फिल्म का गाना गाया। इस दाैरान लोक गायक व दर्शक भी सीएम के साथ गाने के बोल गुनगुनाते नजर आए। सीएम ने मंच पर गायक के साथ 1970 में आई राज कपूर की सुपर हिट हिंदी फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ के  ‘जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां’ के बोल गुनगुनाए। इस दाैरान विधायक भुवनेश्वर गौड, आरएस बाली सहित अन्य गणमान्य लोग माैजूद रहे। सीएम ने गाने के ‘जी चाहे जब हमको आवाज दो हम हैं वहीं हम थे जहां… अपने यहीं दोनों जहां, इसके सिवा जाना कहां…’ बोलों को गुनगुनाया।

साथ ही, मनाली में 59.21 करोड़ रुपये की लागत से 8 विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और 147.59 करोड़ रुपये की लागत से 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके अतिरिक्त, मनाली में 46.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वेलनेस सेंटर और 11.57 करोड़ रुपये की लागत से नग्गर कैसल के संरक्षण एवं पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर HP पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली , मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ , विनोद सुल्तानपुरी , सुरेश कुमार , अनुराधा राणा, एपीएमसी कुल्लू के अध्यक्ष राम सिंह मियां , एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर , पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार  और अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।