Follow Us:

युवती के आरोप: निदेशक ने की अश्लील हरकतें, पुलिस ने शुरू की जांच

FIR against institute director.: सिरमौर जिला में एक युवती ने एक प्रतिष्ठित संस्थान के निदेशक पर अश्लील हरकतों और जबरदस्ती सिगरेट व शराब पिलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सिरमौर पुलिस ने महिला पुलिस थाना नाहन में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी निदेशक को जांच में शामिल होने का नोटिस जारी किया है, हालांकि अभी तक वह पुलिस जांच में शामिल नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 जनवरी 2025 की है। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि सुबह करीब 10:50 बजे आरोपी ने उसे फोन करके अकादमी के बाहर बुलाया और कार में सवार होकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और सिगरेट व शराब पीने के लिए मजबूर किया।

युवती ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी लाइव लोकेशन और संदेश अपनी दोस्त को भेज दिए। इसके बाद लड़की ने बहाना बनाकर खुद को सुरक्षित घर पहुंचाया और पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसे गलत इरादे से छूने और परेशान करने की कोशिश की।

महिला पुलिस थाना ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। यदि वह जांच में शामिल नहीं होता है, तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा।