धर्मशाला में सीएम सुक्खू की कैबिनेट बैठक शुरू, होंगे कई अहम निर्णय

|

 

  • स्टेट हुड-डे इस बार बैजनाथ में मनाया जाएगा, नई घोषणाओं की उम्मीद
  • कैबिनेट में रोबोटिक सर्जरी, खाद्य तेल आपूर्ति, और विभिन्न विभागों में भर्ती पर फैसले संभव

Himachal Cabinet Meeting 2025: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू  की अध्‍यक्षता में कैबिनेट मीटिंग धर्मशाला में शुरू हो गई है।  इस बैठक में स्टेट हुड-डे (पूर्ण राज्यत्व दिवस) के अवसर पर की जाने वाली घोषणाओं पर चर्चा होगी। कैबिनेट बैठक में भाग लेने के लिए मंत्री और अधिकारी बीती शाम से ही धर्मशाला पहुंच गए हैं।

इस बार स्टेट हुड-डे कांगड़ा जिले के बैजनाथ में मनाया जा रहा है। हर साल इस दिन मुख्यमंत्री नई घोषणाएं करते हैं, और इस बार भी कर्मचारियों व पेंशनरों को डीए (महंगाई भत्ता) और नए वेतनमान के एरियर की घोषणा का इंतजार है।

प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों का लगभग 9,000 करोड़ रुपए से अधिक का एरियर बकाया है। 2022 में पिछली भाजपा सरकार ने नया वेतनमान लागू किया था, लेकिन 1 जनवरी 2016 से देय एरियर का भुगतान नहीं हुआ। 8 वर्षों से एरियर का इंतजार कर रहे कर्मचारी और पेंशनर कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं।

इसके अलावा कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की मंजूरी दी जा सकती है। साथ ही, डिपुओं में तीन महीने से खाद्य तेल की कमी को लेकर भी सरकार बड़े फैसले ले सकती है।

कैबिनेट में भर्ती प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले 8 दिनों से धर्मशाला के शीतकालीन प्रवास पर हैं और उन्होंने कांगड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। स्टेट हुड-डे के बाद मुख्यमंत्री शिमला लौटने की संभावना है।