Himachal Republic Day awards: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर विशिष्ट और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदकों की घोषणा की है। इस बार हिमाचल प्रदेश को एक राष्ट्रपति पुलिस पदक और चार पुलिस पदक प्राप्त हुए हैं। मंडी जिले के संधोल के बहालु गांव के निवासी सुदेश कुमार राणा को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया । सुदेश आईटीबीपी मुख्यालय में द्वितीय कमान के पद पर तैनात हैं। इससे पहले, 2014 में उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया था।
सीबीआई इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत रामपुर के सरपारा गांव के बलदेव कुमार को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पदक दिया जाएगा। बलदेव ने 2002 में भारत तिब्बत सीमा पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा आरंभ की थी और अपनी मेहनत के बल पर विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्राप्त की।
हिमाचल अग्निशमन विभाग में मंडी के स्टेशन फायर ऑफिसर ठाकुर दास को भी उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक मिला। ठाकुर दास ने अपने 36 वर्षों की सेवा में कई आपातकालीन परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
इसके अलावा, होमगार्ड विभाग के कंपनी कमांडर दिनेश कुमार और प्लाटून कमांडर बुध राज को भी सराहनीय सेवाओं के लिए पदक मिलेगा। दिनेश कुमार ने आपदा प्रबंधन और प्रशिक्षण में अपनी विशिष्ट सेवाओं के लिए पहचान बनाई है, जबकि बुध राज ने भूस्खलन और आपदा प्रबंधन के दौरान उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
सोलन जिले के गगना गांव के ऋतिक चौहान को दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तम जीवन रक्षक पदक से सम्मानित हुए। ऋतिक ने सोलन के क्लीन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर दो बच्चियों को बचाने के लिए अपने प्राण जोखिम में डाले। इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनके एक पैर को काटना पड़ा। ऋतिक के इस साहसिक कार्य से उनके क्षेत्र में खुशी की लहर है।