Follow Us:

नूरपुर में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस समारोह

Republic Day: नूरपुर में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह स्थानीय राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज के परिसर में भव्यता के साथ मनाया गया। उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) गुरसिमर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व होमगार्ड की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व सहायक निरीक्षक अरविंद ने किया।

अपने संबोधन में एसडीएम गुरसिमर सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” थीम के साथ मनाया जा रहा है, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्जवल भविष्य की आशाओं को दर्शाता है। उन्होंने इस दिन को संविधान लागू होने की ऐतिहासिक घटना के रूप में याद करते हुए कहा कि यह दिन हमारे देश को संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य का दर्जा दिलाने की याद दिलाता है।

एसडीएम ने युवाओं से शिक्षित होकर, कौशल विकसित करने और नई तकनीकों को अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के आदर्शों पर चलने और एक सशक्त, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीत, हिमाचली नाटी, पंजाबी गिद्दा और “सेव द अर्थ” जैसी प्रस्तुतियां दीं, जिनसे दर्शकों ने खूब तालियां बटोरीं। समारोह में भाग लेने वाले बच्चों और प्रतिभागियों को एसडीएम ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एसडीएम की धर्मपत्नी असुजा बेग, एएसपी धर्मपाल वर्मा, डीएसपी विशाल वर्मा, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, बच्चे, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।