Illegal road construction in Hamirpur: हमीरपुर जिले के भड़मेली गांव में वन विभाग की भूमि पर चोरी-छिपे रात के समय सड़क का निर्माण किया जा रहा था। वन परिक्षेत्र हमीरपुर की गश्ती टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाया और दो जेसीबी मशीनों (HP 55 5955 व A/F 3462274) को कब्जे में ले लिया।
वन विभाग हमीरपुर के आरओ अजय चंदेल ने बताया कि यह क्षेत्र वन मंडल हमीरपुर के वन परिक्षेत्र हमीरपुर की कुठेडा बीट के अंतर्गत आता है। उन्होंने बताया कि इस अवैध निर्माण कार्य के खिलाफ वन अधिनियम 1927 और वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



