Himachal Education Development: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान जुब्बल के सुंडली गांव में जय बनाड़ स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित 25वीं क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत पिछले दो वर्षों में हजारों पद भरे गए हैं, जिनमें से 15,000 से अधिक पद केवल शिक्षा विभाग में स्वीकृत किए गए हैं। प्री-प्राइमरी स्कूलों में आया के पदों को भी जल्द भरा जाएगा, ताकि छोटे बच्चों को बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और इस क्षेत्र को नई सौगातें मिलेंगी। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं और ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने सुंडली गांव के साथ अपने पारिवारिक और भावनात्मक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों का सहयोग और आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में एक विशिष्ट स्थान रखता है, जिसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह को जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में विकास को नई गति दी है। प्रदेश के विकास में सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, और इसी दिशा में जुब्बल नावर कोटखाई में 400 करोड़ रुपये सड़क निर्माण के लिए आवंटित किए गए हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके अलावा, भवन निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जहां निर्माण कार्य ठप पड़ गए थे, वहीं वर्तमान सरकार ने हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बना दिया है। ऐनुअल स्टेट ऑफ एजुकेशन रिपोर्ट (ASER) 2024 के अनुसार, विद्यार्थियों के रीडिंग स्तर में हिमाचल प्रदेश ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है, जो प्रदेश के शिक्षकों और अभिभावकों के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेशनल असेसमेंट सर्वे में भी हिमाचल बेहतरीन प्रदर्शन करेगा।
खेलों के महत्व पर जोर देते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जुब्बल के ठाकुर रामलाल स्पोर्ट्स हॉस्टल में खिलाड़ियों के लिए सीटें बढ़ाई गई हैं, और वॉलीबॉल के साथ कबड्डी व बैडमिंटन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जल्द ही जुब्बल में शिक्षकों के लिए एक प्रशिक्षण संस्थान भी स्थापित किया जाएगा।समारोह के अंत में रोहित ठाकुर ने जय बनाड़ स्पोर्ट्स क्लब को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।



