Follow Us:

राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा: पूर्वोत्तर के छात्रों ने शिमला में देखा संस्कृति और इतिहास का संगम

National Integration Tour 2025: पूर्वोत्तर भारत के 32 छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा 2025 के तहत हिमाचल प्रदेश का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने शिमला विधानसभा, दूरदर्शन केंद्र और रिज मैदान का भ्रमण किया, जहां गाइड ने उन्हें इन ऐतिहासिक स्थलों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

यह सभी छात्र असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों से आए हैं और 2 फरवरी से 6 फरवरी तक हिमाचल में विभिन्न परिवारों के साथ रह रहे हैं। इससे पहले, छात्रों ने एडवांस स्टडी और स्टेट म्यूजियम चौड़ा मैदान का दौरा भी किया था। इस यात्रा का उद्देश्य भारत के विभिन्न हिस्सों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 1966 में शुरू किया गया SIEL प्रकल्प इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए कार्यरत है। इस बार की राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा 2025 20 जनवरी को गुवाहाटी से शुरू हुई और इसके अंतर्गत 256 छात्र आठ समूहों में भारत भ्रमण कर रहे हैं। इन समूहों में से एक ग्रुप 4 (रानी गाइडइनलिउ) हिमाचल पहुंचा है, जिसमें 14 छात्राएं और 18 छात्र शामिल हैं।

छात्रों के लिए 6 फरवरी को शिमला रिज मैदान स्थित गेयटी थिएटर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि होंगे और विद्यार्थी परिषद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय संगठन मंत्री  मनोज निखरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत के छात्रों को हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।