Follow Us:

स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा स्थगित

वृंदावन : प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अनगिनत भक्तों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। खराब स्वास्थ्य के चलते उन्होंने अपनी रोज़ाना की पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। इस बात की जानकारी भजनमार्ग ऑफिशियल नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई।

प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के 2 बजे अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए श्री हित राधा केली कुंज तक जाते थे। इस दौरान भक्तगण दोनों ओर खड़े होकर उनके दर्शन करते थे। बताया जा रहा है कि भक्तों की बढ़ती संख्या और महाराज के स्वास्थ्य को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले महीने उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब सुधार के बाद उन्होंने पुनः पदयात्रा शुरू की थी, लेकिन अब यह एक बार फिर अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

भक्त इस खबर से दुखी हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं कर रहे हैं। वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा को देखने हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे, ऐसे में उनके न आने से वातावरण में एक अलग ही शून्यता महसूस की जा रही है।