Follow Us:

राजस्‍व विभाग के पटवारी, कानूनगो, ड्राइवर, मिनिस्टीरियल स्टाफ और चपरासी का काडर बदला, कहीं भी हो सकेगा तबादला

Himachal Pradesh State Cadre Notification: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए राजस्व विभाग के ड्राइवर, मंत्रालयिक तृतीय श्रेणी कर्मचारियों और चपरासी सहित चतुर्थ श्रेणी पदों को जिला कैडर से हटाकर राज्य कैडर में शामिल करने की अधिसूचना जारी की है। यह अधिसूचना 03 अक्टूबर 2023 को पारित की गई थी, जिसे अब तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इस बदलाव के तहत पटवारी, कानूनगो, ड्राइवर, मिनिस्टीरियल स्टाफ और चपरासी सहित अन्य कर्मचारियों की तैनाती अब प्रदेश के किसी भी जिले में की जा सकेगी। पहले ये सभी कर्मचारी जिला कैडर के अंतर्गत आते थे, जिससे उनका तबादला संबंधित जिले तक ही सीमित रहता था। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) ओंकार शर्मा द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

 

राजस्व विभाग के तहत आने वाले कई डिवीजन और स्टेशन कैडर कार्यालयों को भी राज्य कैडर में लाने का निर्णय लिया गया है। इनमें शामिल हैं:

  1. मंडलायुक्त कार्यालय – शिमला, मंडी, कांगड़ा
  2. बंदोबस्त कार्यालय – कांगड़ा, शिमला
  3. भू-अभिलेख निदेशालय – शिमला
  4. राजस्व प्रशिक्षण संस्थान – जोगिंदरनगर, मंडी
  5. निदेशालय, जोत चकबंदी – शिमला

इन कार्यालयों में कार्यरत सभी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों को राज्य कैडर में स्थानांतरित किया गया है। सरकार ने इस फैसले के साथ निदेशक, भूमि अभिलेख, हिमाचल प्रदेश को कैडर नियंत्रण प्राधिकरण नियुक्त किया है, जो इन कर्मचारियों के सेवा मामलों और प्रशासनिक प्रबंधन को संभालेंगे।

सरकार का मानना है कि इस बदलाव से कर्मचारियों की नियुक्ति और स्थानांतरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और राज्य स्तर पर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।