Follow Us:

PNB का दो दिवसीय ऋण एक्सपो शुरू, घर खरीदने का सुनहरा मौका

मंडी/हमीरपुर: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ओर से मंडी और हमीर पुर में शिविर आयोजित किए गए। मंडी द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवास ऋण और पीएम सूर्य घर एक्सपो का शुभारंभ सेरी मंच मंडी में अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने किया। इस एक्सपो का उद्देश्य आम जनता को सस्ते आवास ऋण और सौर ऊर्जा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने कहा कि इस तरह के आयोजन आम जनता के लिए काफी लाभदायक होते हैं, क्योंकि इससे लोगों को किफायती आवास ऋण योजनाओं की जानकारी मिलती है और वे अपने सपनों का घर खरीदने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि PNB के प्रयासों से मंडी जिले के लोग आसानी से अपने घर का सपना पूरा कर पाएंगे

इस अवसर पर PNB के उपमंडल प्रमुख राजेंद्र कुमार चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार, मुख्य प्रबंधक (आंचलिक कार्यालय, शिमला) संजय अग्रवाल तथा मुख्य प्रबंधक (मंडल कार्यालय, मंडी) कौशल किशोर शर्मा भी उपस्थित थे।

यह एक्सपो दो दिनों तक चलेगा, जिसमें लोगों को सस्ते आवास ऋण और पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी

 

हमीरपुर: शुक्रवार को हमीरपुर के बस स्टैंड के सामने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा दो दिवसीय एक्सपो का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह ने किया। इस एक्सपो का उद्देश्य होम लोन और पीएम सूर्य घर योजना के तहत ऋण योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना और लोगों को लाभान्वित करना है।

पहले दिन ही 10 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, जिन लोगों के लोन स्वीकृत हुए थे, उन्हें उपायुक्त अमरजीत सिंह द्वारा सैंक्शन पत्र सौंपे गए

इस कार्यक्रम में दिल्ली PNB के सहायक प्रबंधक आनंद कुमार, PNB बैंक हमीरपुर जोनल उप प्रबंधक किशोर बाबू, बैंक के अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी, ऋण प्राप्त करने वाले ग्राहक और सोलर पैनल लगाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

योजना के बारे में जानकारी

इस मौके पर उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि पूरे देश में PNB बैंक द्वारा एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में हमीरपुर में भी यह एक्सपो होम लोन और पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी देने के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस पहल से आम जनता को किफायती ऋण योजनाओं का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।

PNB दिल्ली के सहायक प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि PNB भारत का दूसरा सबसे बड़ा बैंक है, जो वर्षों से ग्राहकों को बेहतरीन सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

वहीं, PNB हमीरपुर जोनल उप प्रबंधक किशोर बाबू ने बताया कि इस एक्सपो के दौरान पहले दिन 10 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए, जबकि दो दिनों में 25 करोड़ रुपये तक के लोन वितरित किए जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो से लोगों को किफायती ऋण प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर मिलेगा।

आयोजन की तिथियां और अपील

यह एक्सपो 7 और 8 फरवरी को हमीरपुर में आयोजित किया गया। PNB अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं