Follow Us:

डिप्‍टी सीएम ने की हरोली में विकास कार्यों की समीक्षा, 31 मार्च तक सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश


Haroli Development Projects: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय पीजी कॉलेज, पुल, बस अड्डा और विश्राम गृह समेत सभी निर्माणाधीन कार्यों को 31 मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का शीघ्र पूर्ण होना जनता के हित में आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

हरोली में 16 करोड़ रुपये की लागत से डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय पीजी कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे एक उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अगले शैक्षणिक सत्र से यहां एमए, डिग्री एवं प्रोफेशनल कोर्सेज की कक्षाएं शुरू होंगी। साथ ही, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, व्यावसायिक कोर्स और ललित कलाओं में म्यूजिक समेत विभिन्न पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण भी चल रहा है, जिससे बरसात के दौरान स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही में सुधार आएगा। नई बस अड्डा परियोजना, जिसकी लागत लगभग 7 करोड़ रुपये है, से स्थानीय यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। जलशक्ति विभाग का विश्राम गृह भी 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है, और इन सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने का आदेश दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की गति तेज की जाए और गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। उनका कहना था कि ये परियोजनाएं जनता के लिए समर्पित की जाएंगी, जिससे समाज में विकास की नई रोशनी फैल सकेगी।