US Deportation of Indians: अमेरिकी प्रशासन ने एक बार फिर दर्जनों अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने का निर्णय लिया है। इस सप्ताह दो और विशेष फ्लाइटें भारत पहुंचेंगी, जिनमें ऐसे प्रवासी शामिल होंगे, जो अमेरिका में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे थे। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं और उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात भी हुई है।
15 फरवरी को अमृतसर पहुंचेगी फ्लाइट
सूत्रों के मुताबिक, अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर दूसरी फ्लाइट 15 फरवरी को अमृतसर में लैंड करेगी। इसके बाद कुछ दिनों में एक और फ्लाइट भारत पहुंचेगी। हालांकि, इन फ्लाइटों से लौटने वाले भारतीयों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।
भारत अवैध प्रवासियों को वापस लेने के लिए तैयार: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग दूसरे देशों में अवैध रूप से रह रहे हैं, उन्हें वहां रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। भारत और अमेरिका के बीच समझौते के तहत, जो सत्यापित भारतीय नागरिक अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे हैं, भारत उन्हें वापस लेने के लिए तैयार है।”
यह कदम अमेरिका में सख्त प्रवासन नीति के तहत उठाया गया है, जिसमें अवैध प्रवासियों को देश से निकालने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस फैसले का भारत-अमेरिका संबंधों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।



