➤ डोडरा क्वार से 85 वर्षीय महिला को बर्फबारी के बीच एयरलिफ्ट कर PGI पहुंचाया
➤ अधरंग से नाजुक हालत, एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन
➤ शिमला में मौसम खराब होने पर सीधे चंडीगढ़ ले जाकर उपचार शुरू
दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार में भारी बर्फबारी के बीच प्रशासन और सरकार के समन्वय से एक संवेदनशील एयरलिफ्ट ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। 85 वर्षीय धर्मी पिछले एक सप्ताह से अधरंग की चपेट में थीं और उनकी स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। परिजनों ने 31 जनवरी को स्थानीय प्रशासन से एयरलिफ्ट की गुहार लगाई, जिसके बाद मामला तेजी से आगे बढ़ाया गया।
जिला प्रशासन शिमला ने तत्काल प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर एयरफोर्स हेलीकॉप्टर की सहायता मांगी। सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरफोर्स से संपर्क स्थापित किया। रविवार को डोडरा क्वार के लिए एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर भेजे गए। एक हेलीकॉप्टर में मरीज और एक तीमारदार को एयरलिफ्ट किया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर से अन्य परिजनों को निकाला गया।

प्रारंभिक योजना के अनुसार मरीज को IGMC शिमला लाया जाना था, लेकिन शिमला में मौसम साफ न होने के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं हो पाई। ऐसे में प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए मरीज को सीधे PGI चंडीगढ़ ले जाने का फैसला किया। दोनों हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ पहुंचे, जहां मरीज को तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

ज्वाइंट सेक्रेटरी GAD अनिल मनकोटिया ने एयरफोर्स प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया। ADM प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने PGI में मरीज और परिजनों के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। PGI प्रशासन के अधिकारियों ने भी तत्काल चिकित्सा व्यवस्था संभाली।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि चांशल क्षेत्र में भारी बर्फबारी और रास्ते बंद होने के कारण सड़क मार्ग से मरीज को लाना संभव नहीं था। सरकार और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से यह रेस्क्यू संभव हो पाया। मरीज अब PGI में भर्ती है और उपचार जारी है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी परिजनों की हर संभव सहायता के लिए मौजूद हैं।



