National Kabaddi Selection: बड़सर उपमंडल के गांव के 22 वर्षीय युवा खिलाड़ी विशाल पटयाल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्हें ओडिशा में 20 से 23 फरवरी तक होने वाले नेशनल कबड्डी टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। विशाल पहले भी ऑल इंडिया यूथ लीग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अंडर-20 नेशनल टूर्नामेंट में भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर चुके हैं।
कबड्डी के अलावा विशाल किक बॉक्सिंग और कराटे में भी निपुण हैं। खेल के प्रति उनके जुनून और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनके इस चयन पर प्रदेशभर में हर्ष का माहौल है।
मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
विशाल पटयाल के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और विधायक इंद्रदत्त लखनपाल सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और जिला खेल अधिकारी पूर्ण कटोच को दिया है।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। विशाल की इस सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।



