Follow Us:

जातीय नफरत की हद, बुलेट चलाने पर दलित छात्र के हाथ काटे!

Dalit Student Attacked: तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय दलित छात्र आर. अय्यासामी को बुलेट बाइक चलाने की वजह से बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने न केवल उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया, बल्कि धारदार हथियार से उसके दोनों हाथ बुरी तरह काट डाले।

घटना उस वक्‍त की है, जब अय्यासामी अपनी बुलेट बाइक से घर लौट रहा था। तभी गांव के तीन युवकों – आर. विनोदकुमार (21), ए. अतीश्वरन (22) और एम. वल्लरासु (21) ने उसे रास्ते में घेर लिया। पहले उसे धमकाया गया और फिर हथियारों से बर्बर हमला किया गया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गंभीर रूप से घायल अय्यासामी को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, उसके दोनों हाथों में गहरे घाव हैं और उपचार में लंबा समय लग सकता है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलते ही शिवगंगा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस जघन्य अपराध की गहन जांच कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।