NIT Hamirpur Suicide: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अयान शर्मा (निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो संस्थान में डुअल डिग्री इलेक्ट्रॉनिक्स के पांचवें सेमेस्टर का छात्र था।
पुलिस को सुबह करीब 9 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची। अयान ने अपने होस्टल की पांचवीं मंजिल पर फांसी लगाकर जान दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को अयान का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन उसमें किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। फिलहाल, पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, और उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
छात्र की आत्महत्या के बाद संस्थान में मातम का माहौल है। अन्य छात्र भी इस घटना से स्तब्ध हैं। कॉलेज प्रशासन और पुलिस इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।



