Helicopter Rescue in Himachal: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के साच गांव और कांगड़ा जिले के बड़ा भंगाल क्षेत्र से गंभीर रूप से बीमार दो व्यक्तियों को हिमालयन हेली एडवेंचर्स, मनाली के हेलीकॉप्टर द्वारा सफलतापूर्वक निकाला गया। पहली बचाव उड़ान कल दोपहर में संचालित की गई, जबकि दूसरी उड़ान आज सुबह प्रतिकूल मौसम के बावजूद सफलतापूर्वक पूरी की गई।
बता दें कि स्थानीय निवासियों ने राज्य सरकार को इन दोनों गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों की स्थिति की जानकारी दी और तत्काल मदद की गुहार लगाई। हिमाचल सरकार ने तुरंत मनाली स्थित हेलीकॉप्टर स्कीइंग ऑपरेशंस कंपनी से संपर्क किया और बचाव अभियान की योजना बनाई गई।

आज सुबह प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद बचाव अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। दोनों मरीजों को लगभग डेढ़ घंटे की उड़ान के बाद चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

बचाव अभियान के दौरान दो हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की गईं, जिनमें से एक को बेहद खराब मौसम में अंजाम दिया गया। कुल्लू घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में वर्षा और ओलावृष्टि के कारण बचाव अभियान में अतिरिक्त चुनौतियां आईं, लेकिन स्विट्जरलैंड से प्रशिक्षित बचाव विशेषज्ञों और अनुभवी आइसलैंडिक हेलीकॉप्टर पायलट, अरमास सालसोला के नेतृत्व में अभियान को सफलता पूर्वक संपन्न किया गया।

बचाव अभियान में एक मरीज को मनाली स्थित कंपनी के बेस पर लाया गया, जबकि दूसरे को मंडी जिले के कंगनीधर हेलिपैड पर उतारा गया, जहाँ से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भेजा गया।
![]()
प्रदेश सरकार और हिमालयन हेली एडवेंचर्स ने यह साबित कर दिया कि वे सिर्फ पर्यटन गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में स्थानीय लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।



