-
शिमला के चक्कर स्थित साईं बाबा मंदिर में चोरी, चोर एक किलो चांदी का सिंहासन ले उड़े।
-
चांदी का छत्र, आशीर्वाद मुकुट और अन्य सजावटी सामान भी चोरी, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
-
सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक दिखे, तीन साल पहले भी इसी मंदिर में हो चुकी है चोरी।
Shimla Sai Baba Temple Theft: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर चक्कर स्थित साईं बाबा मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीती रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और वहां से करीब एक किलो चांदी का सिंहासन, चांदी का छत्र, आशीर्वाद मुकुट और कुर्सी के किनारे लगे चांदी के सजावटी सामान लेकर फरार हो गए।
इस चोरी का पता मंगलवार सुबह तब चला जब श्रद्धालु और पुजारी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर का मुख्य द्वार टूटा हुआ पाया और जब अंदर जाकर देखा तो साईं बाबा का चांदी का सिंहासन समेत अन्य कीमती सामान गायब था। इस घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। शिकायतकर्ता विनय चंदला निवासी सैंडल चक्कर, शिमला की शिकायत पर थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में दो नकाबपोश युवक मंदिर में घुसते और चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, चोरों ने मंदिर में रखे दानपात्रों को हाथ नहीं लगाया, जिससे माना जा रहा है कि उनका मुख्य मकसद केवल चांदी के सामान की चोरी करना था।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर में चोरी हुई हो। इससे पहले भी तीन साल पहले मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें चोरों ने चांदी के कुछ अन्य सामान चुरा लिए थे। हालांकि, उस समय पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया था।
इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।



