Follow Us:

हर हाल में बनेगा मंडी में शिवधाम: जयराम

Jairam Thakur Shivdham Project: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव के समापन अवसर पर ऐलान किया कि हर हाल में मंडी में शिवधाम परियोजना को पूरा किया जाएगा। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होकर देवी-देवताओं के दर्शन किए और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ राजमाधव राय मंदिर में पूजा-अर्चना की।

शिवधाम परियोजना पर अडिग जयराम ठाकुर


उन्होंने कहा कि 250 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शिवधाम प्रोजेक्ट को वह हर हाल में पूरा करवाएंगे। भले ही सरकार बदलने के बाद परियोजना में रुकावटें आई हों, लेकिन भाजपा सरकार बनते ही इसे भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने मंडी को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने का संकल्प दोहराया। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का भी मंडी से विशेष लगाव है, और उन्हीं की प्रेरणा से यह शिवधाम प्रोजेक्ट लाया गया था

प्रदेश में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल


मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि साल 2025 के पहले दो महीनों में 18 हत्याओं और 12 से अधिक दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके हैं। सरकार केवल अपनी कुर्सी बचाने में लगी है और आम जनता की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता नहीं रही। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में पूरी ताकत से उठाया जाएगा

कांग्रेस पर सनातन विरोधी मानसिकता का आरोप


जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री महाकुंभ में स्नान कर आए, लेकिन अपनी सोच नहीं बदल पाए। कांग्रेस हमेशा से सनातन धर्म का विरोध करती रही है।”

उन्होंने मंदिरों से पैसे लेने के फैसले पर भी सरकार को घेरा। पहली बार मंदिरों के धन का उपयोग सरकारी खर्चों के लिए किया जा रहा है, जबकि पहले यह पैसा सीएम राहत कोष में जाता था, जिससे गरीबों की मदद होती थी।

उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव में कांग्रेस नेताओं द्वारा उनके खिलाफ बयानबाजी करने को गलत परंपरा बताया और कहा कि “धार्मिक आयोजनों को राजनीति से दूर रखना चाहिए।”

मंडी को जानबूझकर किया जा रहा है नजरअंदाज


जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले के विकास को सरकार ने पूरी तरह से नजरअंदाज किया है। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा शिवधाम के लिए 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा को झूठा बताया और कहा कि भाजपा सरकार ने पहले ही इस प्रोजेक्ट के लिए 250 करोड़ रुपये मंजूर करवा लिए थे

उन्होंने कहा कि “सरकार के पास अगले महीने वेतन देने के पैसे नहीं हैं, ट्रेजरी से 10,000 रुपये तक की निकासी पर रोक लगा रखी है, ऐसे में इतने बड़े प्रोजेक्ट के लिए पैसा कहां से आएगा?”