Follow Us:

Video: लंदन में खालिस्तानी समर्थकों ने जयशंकर की कार को घेरा, तिरंगा फाड़ा

  • लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की कार को घेरा।
  • एक प्रदर्शनकारी ने तिरंगा लेकर रास्ता रोका और फिर उसे फाड़ दिया।
  • भारतीय समुदाय में आक्रोश, ब्रिटिश सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग।

India-UK Relations: लंदन में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की कार को खालिस्तान समर्थकों ने घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी उनकी गाड़ी के सामने आ गया और भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फाड़ दिया। यह घटना उस समय हुई जब जयशंकर ने चैथम हाउस थिंक टैंक के एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद बाहर निकले।

जैसे ही विदेश मंत्री अपनी कार की ओर बढ़े, वहां पहले से मौजूद खालिस्तान समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनमें से एक व्यक्ति तिरंगा लेकर उनकी गाड़ी के सामने आ गया और रास्ता रोक लिया। इसके बाद उसने राष्ट्रीय ध्वज को फाड़ने जैसी शर्मनाक हरकत की। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर दूर किया, लेकिन इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारतीय समुदाय इस घटना से नाराज है और ब्रिटिश सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। लोगों का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भारत सरकार को इस मुद्दे को कूटनीतिक स्तर पर उठाना चाहिए।

यह पहली बार नहीं है जब विदेशों में खालिस्तान समर्थकों ने इस तरह की हरकत की है। इससे पहले भी ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका में भारतीय दूतावासों के बाहर विरोध प्रदर्शन और हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। भारत सरकार पहले भी इन मामलों में कड़ा विरोध जता चुकी है और अब लंदन की इस घटना पर भी कार्रवाई की उम्मीद है।