Parvati Valley tourist death: जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के तहत गोज गांव में एक होटल के समीप पार्वती नदी में नई दिल्ली के एक पर्यटक का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान संदीप सिंह (पुत्र जगजीत सिंह, निवासी ऋषि नगर, नई दिल्ली) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेज दिया गया है, जहां रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे थाना प्रभारी मणिकर्ण और अन्य पुलिस जवान क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि गोज गांव में एक होटल के पास पार्वती नदी में शव दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकाला और निरीक्षण किया। मृतक एक सिख युवक था, जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष थी। उसने काली पैंट, सफेद कमीज और काले रंग का पटका पहना हुआ था।
मृतक की जेब से बरामद पर्स में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान संदीप सिंह के रूप में की गई। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पार्वती घाटी में कई पर्यटकों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।
एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पर्यटकों को सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



