Follow Us:

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार

Jewelry theft in Nadon : जिला हमीरपुर के नादौन में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह में महिलाएं भी शामिल थीं, जो पुरुष साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देती थीं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

घटना पुलिस थाना नादौन के तहत अप्पर बाजार में एक सुनार की दुकान में हुई थी, जहां से लाखों के सोने के गहने चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर तेजी से कार्रवाई की और चोरी के गहनों की बरामदगी भी कर ली।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान से हुई गिरफ्तारियां



पुलिस की जांच टीम में मुख्य आरक्षी पंकज कुमार, लोकेश, कांस्टेबल कुलदीप, राकेश और रीता शामिल थे। टीम ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के निकट शामली से जीतेंद्र कुमार (पुत्र सोमपाल, निवासी आजाद नगर, गजरौला, यूपी), सुनीता (पत्नी दविंद्र कुमार, निवासी गोपीपुरा, उधम नगर, उत्तराखंड) और ममता (पत्नी धर्मेंद्र, निवासी भरतपुरा, राजस्थान) को गिरफ्तार किया।

वहीं, राकेश (पुत्र मलखान सिंह) और विशाल (पुत्र जगदीश सरण, निवासी गजरौला) को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी और वे न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस ने गिरोह से 5 टिक्के, 7 मंगलसूत्र, 2 गले के लॉकेट, 4 जोड़ी सोने की बालियां और अन्य कीमती गहने उत्तर प्रदेश से बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक का बयान



हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि करीब दो वर्षों में यह पहला मामला है, जब दिनदहाड़े सुनार की दुकान से इतनी बड़ी चोरी हुई। महिलाओं ने पुरुषों के साथ मिलकर योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था।

उन्होंने बताया कि चोरी बेहद चालाकी से की गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से गिरोह को पकड़ लिया गया। तीन आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दो को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।