Follow Us:

AI सर्च से न्यूज वेबसाइट्स का कारोबार धड़ाम

  • एआई सर्च टूल्स की वजह से न्यूज वेबसाइटों की ट्रैफिक में भारी गिरावट
  • टेक कंपनियों द्वारा वेबसाइट डेटा स्क्रैपिंग में वृद्धि, पब्लिशर्स को नुकसान
  • एआई ओवरव्यू फीचर से वेबसाइट ट्रैफिक में 49% तक की गिरावट दर्ज

    AI Search Engine Impact:  डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म जो गूगल सर्च ट्रैफिक पर निर्भर रहते हैं, उन्हें अब एआई-संचालित सर्च इंजनों की वजह से गंभीर नुकसान हो रहा है। OpenAI, Perplexity और Google जैसे एआई सर्च टूल्स ने ऑनलाइन जानकारी प्राप्त करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, न्यूज वेबसाइटों और ब्लॉग्स को एआई सर्च इंजन से पारंपरिक गूगल सर्च की तुलना में 96% तक कम ट्रैफिक मिल रहा है।

TollBit की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेक कंपनियां वेबसाइटों से डेटा स्क्रैपिंग (बिना अनुमति डेटा इकट्ठा करना) कर रही हैं ताकि उनके एआई मॉडल को प्रशिक्षित किया जा सके। 2024 की चौथी तिमाही में OpenAI, Perplexity और Meta जैसी कंपनियों ने करीब 20 लाख बार वेबसाइटों को स्क्रैप किया।

रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि वेबसाइट मालिकों को इस डेटा एक्सेस की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। Perplexity के एआई बॉट्स ने एक प्रमुख न्यूज वेबसाइट से 500 बार डेटा स्क्रैप किया, लेकिन साइट पर केवल 10,000 रिफरल ट्रैफिक ही भेजा।

पहले टेक कंपनियों ने दावा किया था कि उनके एआई सर्च इंजन वेबसाइटों को अधिक ट्रैफिक भेजेंगे, लेकिन इसके उलट न्यूज साइट्स को नुकसान हो रहा है। Gartner की रिपोर्ट के अनुसार, एआई चैटबॉट्स और वर्चुअल एजेंट्स के कारण 2026 तक वेबसाइट ट्रैफिक में 25% की गिरावट हो सकती है।

अमेरिकी एडटेक कंपनी Chegg ने Google के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। Chegg का दावा है कि Google के एआई-जनित सर्च समरीज़ फीचर ने उसकी वेबसाइट की ट्रैफिक को प्रभावित किया है। जनवरी 2025 में Chegg की सर्च ट्रैफिक 49% तक गिर गई, जबकि 2024 की दूसरी तिमाही में यह गिरावट केवल 8% थी।