-
हिमाचल प्रदेश में कल से 13 मार्च तक खराब रहेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टरबेंस रहेगा सक्रिय
-
9 मार्च को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश, 12-13 मार्च को पूरे प्रदेश में तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना
-
तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट संभावित, मार्च में अब तक सामान्य से 89% ज्यादा बारिश दर्ज
Himachal weather update: हिमाचल प्रदेश में कल से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले पांच दिनों तक रहेगा।
9 मार्च को चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 10 और 11 मार्च को मध्यम ऊंचाई और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहेगा। इसके बाद 12 और 13 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ और ज्यादा सक्रिय होगा, जिससे पूरे प्रदेश में तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है।
बीते सप्ताह हुई बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में न्यूनतम तापमान -8.5 डिग्री और केलांग में -7.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में सामान्य से 89% अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 से 7 मार्च तक जहां औसतन 26.5 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 50.2 मिमी वर्षा हो चुकी है। आगामी दिनों में भी भारी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।